अपराध
29 Jun, 2026

तीन लाख का प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर में पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लाख रुपये मूल्य की 150 चर्खियां जब्त कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

कानपुर, 29 जून।

कानपुर पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 150 चर्खियां जब्त की हैं और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अपराध शाखा की स्वाट टीम और कलक्टरगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महेश पन्ना बिल्डिंग, पीपल वाली कोठी, नयागंज चौराहा क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इंद्रानगर, कल्याणपुर निवासी नुकुल खन्ना और दाना खोरी हरबंशमोहाल निवासी करन गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की 150 चर्खियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार जब्त मांझे की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया जा रहा था और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि यह मांझा आम लोगों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। अपने हित के काम सुबह-सवेरे निपटा लें। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़