भोपाल, 29 जून।
राजधानी में क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.090 किलोग्राम गांजा बरामदगी से जुड़े मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को सीहोर-बिलकिसगंज मार्ग से भोपाल आते समय घेराबंदी कर अर्टिगा कार सहित दबोच लिया। इस प्रकरण में इससे पहले 170.090 किलोग्राम गांजा, एक आइशर ट्रक और 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां सहित करीब 1.33 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक पुलिस आयुक्तों के निर्देशन में क्राइम ब्रांच की टीम फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अशोक मरावी की टीम को तकनीकी निगरानी और मुखबिर से सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण क्रमांक 95/26 में फरार संतोष बैरागी और रोहित स्वामी सफेद रंग की अर्टिगा कार से बिलकिसगंज मार्ग होते हुए भोपाल आ रहे हैं। सूचना के आधार पर रातीबड़ रोड स्थित कलखेड़ा मार्ग पर घेराबंदी की गई, जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने अर्टिगा कार जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उनसे गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष बैरागी (48), निवासी सतवास जिला देवास, मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में पहले से सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी रोहित स्वामी (27) भी इस तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच अब आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध तस्करी से अर्जित धन का निवेश कहां-कहां किया गया तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही है।















