भोपाल, 29 जून।
मध्य प्रदेश पुलिस ने पन्ना जिले में अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित दस्तयाब किया। मामले में फिरौती मांगने वाले आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 27 जून की रात थाना पवई क्षेत्र से सूचना मिली थी कि स्थानीय कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे के 20 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। आरोपितों ने उसकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। सूचना मिलते ही थाना पवई पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी विश्लेषण के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य सूचनाओं के आधार पर संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई।
लगातार बारिश, घने जंगल और दुर्गम रास्तों जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने कई किलोमीटर तक पैदल खोज अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद हथकुरी के समीप जंगल क्षेत्र से अंशुल उर्फ कान्हा को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
















