उरई, 29 जून।
उरई कोतवाली क्षेत्र में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान पांच दिन बाद हो गई। सोमवार को परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मानसिक रूप से विक्षिप्त 40 वर्षीय संदीप कुमार उर्फ कौशल के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र नगर निवासी संदीप कुमार उर्फ कौशल 24 जून को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनकी मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दिन पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पहचान नहीं होने के कारण शव को सुरक्षित रखा गया और शिनाख्त के प्रयास लगातार जारी रहे।
सोमवार सुबह पुलिस की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही उन्होंने मृतक की पहचान संदीप कुमार उर्फ कौशल के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि संदीप 24 जून को घर से निकले थे और उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार को पुलिस की सूचना मिलने पर उन्होंने अन्य परिजनों के साथ पहुंचकर शव की पहचान की।
कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















