सागर, 30 जून।
जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी पहल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनभागीदारी से जुड़कर एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि जिले में जल संरक्षण से जुड़े कार्यों के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।
सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरैया में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने बताया कि तालाबों, कुओं, बावड़ियों और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, गहरीकरण, साफ-सफाई, वर्षा जल संचयन तथा वृक्षारोपण जैसे कार्य बड़े स्तर पर किए गए। उन्होंने कहा कि निर्धारित 34 हजार 703 गतिविधियों के लक्ष्य के मुकाबले 90 हजार 685 कार्य पूरे किए गए, जो लक्ष्य का 261 प्रतिशत से अधिक है।
इस उपलब्धि पर मंत्री ने कलेक्टर प्रतिभा पाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी, नगरीय निकायों के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए लोगों से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश पढ़कर सुनाया और क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने निटर्री से अगरा मार्ग के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत से पक्की सड़क निर्माण, शासकीय हाई स्कूल के लिए 20 लाख रुपये, भवन मरम्मत के लिए 5 लाख रुपये तथा गांव में मंगल भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अभियान की प्रगति पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मार्च से जून तक चले इस अभियान का औपचारिक समापन हो रहा है, लेकिन जल संरक्षण के लिए सतत प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
















.jpg)