गुवाहाटी, 30 जून।
असम की राजधानी गुवाहाटी में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के खारघुली इलाके से पुलिस ने सोने के बिस्कुट की एक बड़ी खेप बरामद की है। जब्त किए गए सोने का वजन 37 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 52 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के रहने वाले एक संदिग्ध युवक को मौके से हिरासत में लिया है। पुलिस को संदेह है कि इस तस्करी के पीछे किसी बड़े संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
अधिकारी अब इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि यह सोना कहाँ से लाया गया था और किसे भेजा जाना था। इस पूरे मामले में हवाला नेटवर्क और आपूर्ति से जुड़े अन्य संभावित लिंक को खंगालने का काम जारी है।



















