दौसा, 01 जुलाई।
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तड़के तीन बजे ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
इस दिल दहला देने वाली घटना में सात यात्रियों की दुखद मौत हो गई है। झुलसने और गंभीर चोटों के कारण जान गंवाने वाले लोगों के अलावा 22 यात्री घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के जीरो पॉइंट के पास हुआ। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के मुताबिक, पांच लोगों की मौत आग से झुलसने के कारण हुई।
स्थानीय निवासियों ने रेस्क्यू में देरी का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, जिससे राहत कार्य में रुकावट आई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि बस का स्टोरेज बॉक्स सिगरेट के पैकेटों से भरा हुआ था। फिलहाल पुलिस घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी है। अब तक नौ घायलों की पहचान की जा चुकी है और बाकी की प्रक्रिया जारी है।
















