स्टटगार्ट, 01 जुलाई।
जर्मनी में भारतीय सिनेमा की चमक बिखेरने के लिए स्टटगार्ट भारतीय फिल्म महोत्सव की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह आयोजन इस महीने की 23 तारीख से 26 तारीख तक चलेगा, जिसमें भारत की विविध संस्कृतियों को दर्शाने वाली 70 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार महोत्सव में मलयालम सिनेमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महोत्सव की शुरुआत 23 जुलाई को निर्देशक दिनजीत अय्यथन की मलयालम थ्रिलर फिल्म 'ईको: फ्रॉम द इनफिनिट क्रॉनिकल्स ऑफ कुरियाचन' के साथ होगी। इसी दिन स्कूली विद्यार्थियों के लिए निर्देशक वर्षा भरत की फिल्म 'बैड गर्ल' की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी।
महोत्सव के डॉक्यूमेंट्री खंड में सामाजिक मुद्दों पर आधारित कई फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें हैदर खान द्वारा निर्देशित 'साथ पार जिंदगी – लाइफ बियॉन्ड 60' प्रमुख है, जो पांच पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं के जीवन पर आधारित है। इसमें लोक नर्तकी मंजम्मा जोगती और हाथी प्रशिक्षक पार्वती बरुआ जैसी हस्तियों की अनसुनी कहानियां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, असम के चाय बागान श्रमिकों के जीवन को करीब से दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री 'लाइव्स फॉर लीव्स – टी प्रोडक्शन इन असम' भी प्रदर्शित की जाएगी। महोत्सव में शामिल फीचर, डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्मों की विभिन्न श्रेणियों को फिल्म पुरस्कारों के लिए भी नामांकित किया गया है।















