नई दिल्ली, 05 जून।
भारतीय वायु सेना को नया उप प्रमुख मिल गया है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने 51वें वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ के तौर पर आधिकारिक कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने एयर मार्शल नागेश कपूर का स्थान लिया है, जो करीब चार दशकों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।
एयर मार्शल दीक्षित का अब तक का करियर बेहद शानदार रहा है। वे एक अनुभवी फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और टेस्ट पायलट हैं, जिन्होंने 20 से अधिक प्रकार के विमानों को उड़ाते हुए 3300 घंटे की उड़ान भरी है। उन्होंने मिग-21, मिग-29 और मिराज-2000 जैसे विमानों को उड़ाने में महारत हासिल की है।
दीक्षित ने ऑपरेशन सफेद सागर और रक्षक में भी अपनी सेवाएं दी हैं। वे भविष्य की तकनीक और आधुनिकीकरण की परियोजनाओं के सूत्रधार रहे हैं। वायु सेना में ‘आत्मनिर्भरता’ को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है और वे एलसीए मार्क-1ए, मार्क-2 एवं एएमसीए जैसे स्वदेशी कार्यक्रमों की प्रगति के लिए काम कर रहे हैं।
इससे पहले, वे इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय वायु कमान और दक्षिण पश्चिमी वायु कमान में भी वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है। उन्हें उनकी विशिष्ट सेवा के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और वायु सेना पदक से सम्मानित किया गया है।


















