नई दिल्ली, 30 जून।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पूर्वोत्तर के बाढ़ प्रभावित राज्यों का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर निकलेंगे। प्रधानमंत्री के निर्देश पर वे राहत और पुनर्वास कार्यों की गति को तेज करने के उद्देश्य से जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन करेंगे।
आज दिल्ली से रवाना होकर शिवराज सिंह गुवाहाटी पहुँचेंगे, जहाँ वे असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस दौरान राज्य में बाढ़ से फसलों, गांवों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान तथा राहत कार्यों की वर्तमान स्थिति पर गहन मंथन किया जाएगा।
दौरे के दूसरे चरण में 1 जुलाई को वे अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मंत्री हवाई और ज़मीनी सर्वे के जरिए प्रभावित गांवों, खेतों और राहत शिविरों का मुआयना करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय निवासियों, किसानों और महिला समूहों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझेंगे।
इस यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री राज्य के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेंगे। इसमें मुख्य रूप से फसल नुकसान का आकलन, किसानों को मुआवजे का वितरण, फसल बीमा और क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों की मरम्मत को लेकर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।



















