बीजिंग, 30 जून।
चीन ने कहा है कि वह यूरोपीय संघ के साथ व्यापार से जुड़े मतभेदों का समाधान बातचीत और परामर्श के माध्यम से करने के लिए तैयार है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने स्पष्ट किया कि चीन और यूरोपीय संघ एक-दूसरे के साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं।
दोनों पक्षों ने सोमवार को व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद के लिए एक औपचारिक व्यवस्था बनाई। इसकी पहली बैठक ब्रुसेल्स में आयोजित हुई, जिसमें व्यापार और निवेश संतुलन, निर्यात नियंत्रण, बौद्धिक संपदा अधिकार तथा विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में सुधार जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों को सहयोग के लिए चिन्हित किया गया।
गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन यूरोपीय संघ के साथ संवाद और परामर्श को और मजबूत करने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि समानता, पारस्परिक सम्मान और आपसी लाभ के सिद्धांतों के आधार पर व्यापारिक मतभेदों का रचनात्मक और संतुलित समाधान निकाला जा सकता है। साथ ही वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं की स्थिरता बनाए रखने के लिए भी दोनों पक्षों का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि चीन और यूरोपीय संघ को साझेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए सहयोग का दायरा बढ़ाना चाहिए और साझा विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
गौरतलब है कि चीन और यूरोपीय संघ दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में शामिल हैं। दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 65 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। हालांकि यूरोपीय संघ के व्यापार घाटे और चीन की औद्योगिक नीतियों को लेकर लंबे समय से मतभेद बने हुए हैं। इन्हीं मुद्दों के समाधान के लिए दोनों पक्षों ने नया वार्ता तंत्र स्थापित किया है।
















