मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

सेफ क्लिक 2.0 अभियान में साइबर ठगी के पीड़ितों को मिली 4.73 लाख रुपये की राहत

मध्य प्रदेश पुलिस के सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत देवास और खरगोन में साइबर ठगी के पीड़ितों को 4.73 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस दिलाई गई और लोगों को साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

भोपाल, 30 जून।

मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने की दिशा में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के शुरुआती चरण में देवास और खरगोन पुलिस ने संयुक्त रूप से 4 लाख 73 हजार 675 रुपये से अधिक की ठगी गई राशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई है।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अधिकारी और कर्मचारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा पुलिस चौपालों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड, मैट्रिमोनियल स्कैम, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग और क्यूआर कोड फ्रॉड जैसे साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही लोगों को किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

देवास जिले में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों के 16 साइबर ठगी पीड़ितों के 3 लाख 98 हजार 719 रुपये वापस कराए गए। शिकायत मिलने के बाद थाना स्तर पर साइबर मित्रों और जिला साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंकों और एजेंसियों से समन्वय कर राशि होल्ड कराई, जिसके बाद पीड़ितों के खातों में रकम वापस पहुंचाई गई।

इसी प्रकार खरगोन जिले में पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में साइबर सेल ने दो अलग-अलग मामलों में 74 हजार 956 रुपये वापस दिलाए। एक मामले में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से विदेश से उपहार भेजने का झांसा देकर कस्टम शुल्क के नाम पर ठगी की गई थी, जबकि दूसरे मामले में ऑनलाइन निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत के बाद एनसीआरपी पोर्टल के जरिए आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराया गया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर राशि वापस दिलाई गई।

दोनों जिलों में हुई कार्रवाई के माध्यम से कुल 4 लाख 73 हजार 675 रुपये साइबर ठगी के पीड़ितों को लौटाए गए। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़