मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

जनसुनवाई में पत्नी ने शादी के उपहार लौटाने की लगाई गुहार, अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा

अनूपपुर की जनसुनवाई में एक महिला ने पति से शादी में दिए गए उपहार वापस दिलाने की मांग की, जबकि ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की भूमि से अतिक्रमण हटाने समेत 78 आवेदन प्रशासन को सौंपे।

अनूपपुर, 30 जून।

अनूपपुर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पारिवारिक विवाद, अतिक्रमण, आवास, पेंशन और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने सभी मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर कमलेश पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जनसुनवाई के दौरान पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के खेतगांव की रहने वाली सोनिया सिंह धुर्वे ने आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2019 में उनका विवाह निरंजन सिंह से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के करीब एक वर्ष बाद पति ने उन्हें अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। ग्राम पंचायत में समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। महिला ने आरोप लगाया कि पति और उसके परिजनों ने विवाह के समय दिए गए उपहार और अन्य सामान, जिनमें बाइक सहित घरेलू सामग्री शामिल है, अब तक वापस नहीं किए हैं। उन्होंने प्रशासन से सामग्री वापस दिलाने की मांग की।

वहीं पुष्पराजगढ़ के गोंदी गांव से पहुंचे सरपंच और ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय परिसर की भूमि पर हुए अतिक्रमण का मामला उठाया। उनका कहना है कि जिस भूमि पर प्राथमिक स्कूल स्थित है, वहां पहले हटाया गया कब्जा दोबारा कर लिया गया है, जिससे भवन निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है।

सरपंच ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को भूमिहीन पट्टे के तहत पांच एकड़ भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन अब उन्होंने निर्धारित सीमा से अधिक जमीन पर कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह माह से लगातार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय विधायक के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा।

जनसुनवाई में बोरवेल खनन की अनुमति, क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता, गरीबी रेखा सूची में नाम जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीसीसी ऋण योजना, विधवा पेंशन, जनमन योजना के तहत आवास तथा तालाब की मेढ़ के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़