प्रशासनिक खबरें
30 Jun, 2026

क्राइम ब्रांच ने दो तस्करों को दबोचा, 1.95 ग्राम स्मैक जब्त

भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशा विरोधी अभियान के तहत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.95 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

भोपाल, 30 जून।

भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशा विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.95 ग्राम स्मैक और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि दो युवक गोविंदपुरा स्थित कस्तूरबा अस्पताल के सामने सब्जी मंडी क्षेत्र में स्मैक की डील करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखी स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए। इसके बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई।

पूछताछ में आरोपितों की पहचान अयोध्या नगर निवासी सागर गोहिया (23) और नर्मदा कॉलोनी निवासी प्रेम लोधी (24) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार सागर गोहिया के खिलाफ पहले से गोविंदपुरा थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है। वह रैपिडो चालक का काम करता है, जबकि प्रेम लोधी पेशे से मिस्त्री है।

पुलिस ने कहा कि शहर में नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़