राजगढ़, 30 जून।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राजगढ़ जिले के भैंसवामाता पहुंचे, जहां उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में भाग लिया। आगमन पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता मंदिर और माता बिजासन के दर्शन कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने पवित्र दूधतलाई पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बेलपत्र का पौधरोपण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने भी पौधे लगाकर हरित वातावरण के संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के मॉडल का अवलोकन कर अधिकारियों से इसकी प्रगति और कार्ययोजना की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन भी प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ब्यावरा की पर्यावरण प्रेमी संरक्षण समिति द्वारा प्लास्टिक कचरे से तैयार किए जा रहे ईको ब्रिक्स की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, पौधरोपण और स्वच्छता जैसे अभियान समाज की सक्रिय भागीदारी से ही सफल हो सकते हैं और लोगों से इन्हें जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत में भैंसवामाता मंदिर परिसर में आदिवासी नृत्य दल ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। वहीं बालिकाओं ने कलश धारण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।
हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक अमरसिंह यादव, हजारीलाल दांगी, मोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद रहे।
















.jpg)