भोपाल, 30 जून।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत मध्य प्रदेश में अब तक 1 लाख 43 हजार 150 उपभोक्ताओं को लाभ मिल चुका है। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के बैंक खातों में 1010 करोड़ 25 लाख रुपये की सब्सिडी हस्तांतरित की गई है। उन्होंने बताया कि तीन किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता का सौर संयंत्र स्थापित करने पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि योजना के तहत एक किलोवॉट क्षमता के सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवॉट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना का शुभारंभ 13 फरवरी 2024 को किया गया था। योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन पीएम सूर्य घर योजना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित विद्युत वितरण कंपनी की वेबसाइट, उपाय एप, व्हाट्सएप चैटबॉट और टोल फ्री नंबर 1912 के जरिए भी योजना संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सब्सिडी समय पर प्राप्त करने के लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम एक समान होना आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि ऑनलाइन पंजीयन के बाद केवल विद्युत वितरण कंपनी के अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराएं। योजना के अंतर्गत लगाए जा रहे सभी संयंत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 51 हजार 343 सोलर संयंत्रों पर 361 करोड़ 99 लाख रुपये, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 58 हजार 715 संयंत्रों पर 416 करोड़ 30 लाख 39 हजार रुपये तथा पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 33 हजार 92 सोलर संयंत्रों पर 231 करोड़ 95 लाख 50 हजार रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है।
















.jpg)