अपराध
30 Jun, 2026

मिठाई कारोबारी से 2.45 करोड़ की ठगी, चार पर मामला दर्ज

जोधपुर में मिठाई कारोबारी से 2.45 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में एक महिला, उसके दो बेटों और मध्यप्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जोधपुर, 30 जून।

जोधपुर में एक मिठाई कारोबारी से 2.45 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चर्चित महिला, उसके दो बेटों और मध्यप्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता पर्वत सिंह राजपुरोहित ने पुलिस को बताया कि वह निम्बाहेड़ा में मिठाई का कारोबार करते हैं। उनकी पहचान कुछ वर्ष पहले मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद हेड कांस्टेबल ने निवेश और प्रॉपर्टी में लाभ दिलाने का भरोसा देकर फरवरी 2025 में उन्हें जोधपुर लाकर एक महिला से मिलवाया।

पीड़ित के अनुसार महिला ने दावा किया कि उसकी नेताओं, हाईकोर्ट के जजों और वरिष्ठ अधिकारियों से अच्छी पहचान है। भरोसा दिलाने के लिए उसने फोन पर प्रभावशाली लोगों से बातचीत करने का दिखावा भी किया। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि कथित तौर पर उसके एक समूह के लोगों के नंबर नेताओं और अधिकारियों के नाम से सेव किए गए थे, ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने सांवरियाजी मंदिर से जुड़े प्रसाद के ठेके और अन्य काम दिलाने का भरोसा देकर निवेश के नाम पर एक करोड़ पांच लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद एक परिचित की अग्रिम जमानत कराने के नाम पर भी एक करोड़ 40 लाख रुपये लिए गए।

कुछ समय बाद संबंधित व्यक्ति के बेटे की गिरफ्तारी होने पर शिकायतकर्ता को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में महिला, उसके दो बेटों और मध्यप्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़