जम्मू, 30 जून।
तवी रिवर फ्रंट पर इन दिनों अमरनाथ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश के कोने-कोने से पहुंचे शिव भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन की अभिलाषा लिए यहां पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना तत्काल पंजीकरण करवाकर पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।



















