मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

उफनती चंपा नदी में बाइक समेत बहे दो ग्रामीण, शव बरामद

बैतूल के चिचोली क्षेत्र में उफनती चंपा नदी पार करने के दौरान बाइक समेत बह गए दो ग्रामीणों के शव अगले दिन घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद हुए।

बैतूल, 30 जून।

बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में उफनती चंपा नदी पार करने के दौरान बाइक समेत बह गए दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों के शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिले। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सिप्लाई निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण चंपा नदी में तेज बहाव था और रपटा पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को पानी कम होने तक इंतजार करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने बाइक के साथ रपटा पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव में दोनों संतुलन खो बैठे और बाइक सहित नदी में बह गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने रातभर दोनों की तलाश की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर कुंवर देव टेकड़ा के पास नदी किनारे झाड़ियों में दोनों के शव मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भेज दिया।

पुलिस के अनुसार राजेश बिहारे देवपुर मार्ग पर पंचर की दुकान चलाते थे, जबकि दद्दू धुर्वे खेती-किसानी करते थे। दोनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चंपा नदी सहित क्षेत्र के अधिकांश नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है और कई रपटे पानी में डूबे हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि जलभराव वाले रपटों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें तथा पूरी सावधानी बरतें।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़