राजगढ़, 30 जून।
राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम पातलापानी में सांप के डसने से एक किसान की मौत हो गई। परिजन पहले उन्हें झाड़-फूंक के लिए देवस्थान ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पातलापानी निवासी 50 वर्षीय शिवराज मीना सोमवार रात अपने कमरे में खटिया पर सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया। शरीर में तेज जलन होने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। बेटे सोनू ने बिस्तर हटाकर देखा तो वहां सांप मौजूद था।
घटना के बाद परिजन उन्हें पहले गांव के देवस्थान स्थित चबूतरे पर ले गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही। इसके बाद उन्हें तत्काल नरसिंहगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया गया है कि शिवराज मीना खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग दर्ज कर प्रकरण आगे की जांच के लिए संबंधित मलावर थाना पुलिस को सौंप दिया है।
















.jpg)