मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

आदर्श आदिवासी स्कूल के उन्नयन की मांग पर अभिभावकों का धरना जारी

अनूपपुर में आदर्श आदिवासी स्कूल को कक्षा 9 से 12वीं तक उन्नत करने की मांग को लेकर अभिभावक संघ का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा।

अनूपपुर, 30 जून।

अनूपपुर जिले के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक परिसर स्थित आदर्श आदिवासी स्कूल को कक्षा 9 से 12वीं तक उन्नत करने की मांग को लेकर अभिभावक संघ का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्पष्ट आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय के उन्नयन में लगातार देरी हो रही है, जिससे आठवीं कक्षा के बाद बड़ी संख्या में आदिवासी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि उच्च कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से कई विद्यार्थियों के सामने आगे की शिक्षा जारी रखने का संकट खड़ा हो गया है।

अभिभावक संघ ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू होने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई अधिकारी चर्चा के लिए नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि आवेदन, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बावजूद अब तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार यह केवल स्कूल के विस्तार का विषय नहीं, बल्कि आदिवासी शिक्षा और बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने का मामला है। उनका कहना है कि उच्च कक्षाएं शुरू नहीं होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई बच्चों को बीच में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ती है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राज नारायण ओझा ने अभिभावकों की मांग को उचित बताया। उन्होंने कहा कि कक्षा 9 से 12वीं तक के संचालन का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। फिलहाल विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक के संचालन की स्वीकृति है और उसी के अनुरूप शिक्षक तथा बजट उपलब्ध है। मंत्रालय से अनुमति मिलते ही उच्च कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़