भोपाल, 30 जून।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने मंगलवार को मंत्रालय में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं होगी और जिम्मेदार एजेंसियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बावड़िया कला चौराहा (अपोलो सेज अस्पताल) से ऑशिमा मॉल तक प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसी माह के अंत तक कार्य शुरू होने की संभावना है। इस पर राज्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाबूलाल गौर सेतु, बावड़िया में प्रस्तावित मरम्मत और लेफ्ट टर्न निर्माण कार्य बारिश के बाद तत्काल शुरू करने को कहा। वहीं पिपलानी से खजूरी मार्ग परियोजना की समीक्षा के दौरान अतिक्रमण हटाने और नाली निर्माण की जानकारी मिलने पर लंबे समय से लंबित कार्य पर नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
खेजड़ा बरामद पहुंच मार्ग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पहले सड़क निर्माण पूरा करने और उसके बाद पोल शिफ्टिंग व विद्युत संबंधी कार्य कराने के निर्देश दिए। ग्लोबल स्किल पार्क के पास पुलिया और अतिक्रमण के कारण रुके मार्ग निर्माण को लेकर पुलिस की मौजूदगी में शीघ्र अतिक्रमण हटाकर काम शुरू कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस थाना बागसेवनिया से एचडीएफसी बैंक मार्ग, गुलमोहर से आकृति इको सिटी, अरविंद विहार कॉलोनी, बागमुगालिया एक्सटेंशन, कटारा हिल्स, आदर्श नगर, कुंजन नगर, अवधपुरी, बाबरिया चौराहा, अयोध्या बायपास, एम्स अस्पताल और साकेत नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि जिन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें बिना विलंब शुरू किया जाए और उनकी प्रगति की लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्य तय समय में पूरे कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
















.jpg)