मध्य प्रदेश
30 Jun, 2026

मॉर्निंग वॉक पर निकले कॉन्ट्रैक्टर का रेलवे ट्रैक पर मिला शव

उज्जैन में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक कॉन्ट्रैक्टर का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद पुलिस ट्रेन की चपेट में आने और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

उज्जैन, 30 जून।

उज्जैन के मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक कॉन्ट्रैक्टर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अलकापुरी निवासी राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय राजकुमार चौहान प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस को मक्सी रोड रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच रेलवे ब्रिज के नीचे किसी सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत होने की आशंका है। टक्कर इतनी तेज थी कि शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

बताया गया कि राजकुमार चौहान एमपीईबी से जुड़े ठेकेदारी कार्य करते थे और शहर के जाने-माने कॉन्ट्रैक्टर थे। उनके परिचित विजय कुमावत ने बताया कि वर्ष 2016 से दोनों व्यवसायिक साझेदार रहे थे। बाद में साझेदारी समाप्त हो गई, लेकिन आपसी संबंध सामान्य बने रहे। उनके अनुसार हाल के दिनों में राजकुमार किसी तनाव या परेशानी में नजर नहीं आए थे।

राजकुमार चौहान तीन भाइयों में मंझले थे। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़