सीहोर, 30 जून।
सीहोर के वार्ड क्रमांक-1 में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज रहवासियों ने मंगलवार को कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते प्रमुख मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। प्रदर्शनकारी लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त नहीं करने की बात पर अड़े रहे।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। लोगों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और नगर पालिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। रहवासियों का कहना है कि वे वर्षों से कीचड़, धूल और गड्ढों वाली सड़क से परेशान हैं। उनका आरोप है कि हर चुनाव में सड़क निर्माण का वादा किया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद उस पर अमल नहीं होता।
स्थानीय लोगों के अनुसार जर्जर सड़क के कारण आए दिन बुजुर्ग, स्कूली बच्चे और दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। बारिश में सड़क तालाब जैसी हो जाती है, जबकि गर्मी के दिनों में उड़ने वाली धूल से लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि नगर पालिका और सीएम हेल्पलाइन पर कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, रहवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी सड़क निर्माण की तय समय-सीमा के साथ लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कोलीपुरा चौराहा शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। चक्काजाम के कारण दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बसें, एंबुलेंस और व्यापारिक वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावित रही।
















.jpg)