इंदौर, 30 जून।
इंदौर नगर निगम ने मंगलवार को अतिक्रमण और जर्जर भवन के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। निगम ने एक ओर उद्यान की सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया, वहीं दूसरी ओर लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक जर्जर मकान के ऊपरी हिस्से को गिरा दिया।
निगम का अमला सुबह जोन क्रमांक-16 के छोटा बांगड़दा क्षेत्र पहुंचा। यहां उद्यान की जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस बल और जेसीबी की मदद से कार्रवाई कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इसके बाद निगम की टीम छोटी ग्वालटोली क्षेत्र पहुंची, जहां एक मकान का ऊपरी हिस्सा काफी जर्जर हो चुका था। संभावित हादसे को देखते हुए मकान की ऊपरी मंजिल पर बने दो कमरे और छज्जे को मैन्युअल तरीके से हटाया गया।
कार्रवाई से पहले एहतियात के तौर पर नीचे संचालित दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी तरह के विरोध की स्थिति नहीं बनी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान और जर्जर भवनों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।
















.jpg)