राजगढ़, 30 जून।
राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम पनाली में मंगलवार को नदी किनारे स्थित एक खेत में विशाल अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर ने किसी जानवर का शिकार निगल रखा था, जिसके कारण उसका पेट काफी फूला हुआ था और वह सामान्य रूप से चल-फिर नहीं पा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह खेतों की ओर जाते समय नदी किनारे विशालकाय अजगर दिखाई दिया। लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तत्काल करनवास थाना तथा वन विभाग को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही करनवास और देहात ब्यावरा थाना पुलिस के साथ वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और अजगर को सुरक्षित पकड़कर विशेष बोरे में रखा। इसके बाद उसे वन विभाग की टीम ब्यावरा वन कार्यालय ले गई। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में अजगर पूरी तरह सुरक्षित मिला है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी अभयारण्य में छोड़ दिया जाएगा।
वन विभाग ने बताया कि बारिश के मौसम में भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में सांप और अजगर अक्सर नदी-नालों तथा जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
















.jpg)