अपराध
01 Jul, 2026

राज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े लूट, संचालक पर चाकू से हमला

कोरबा के छुरी क्षेत्र स्थित राज ज्वैलर्स में तीन नकाबपोश बदमाशों ने संचालक पर चाकू से हमला कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

कोरबा, 01 जुलाई।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। छुरी क्षेत्र स्थित राज ज्वैलर्स में तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए और दुकान संचालक पर चाकू से हमला करने के बाद लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों बदमाश अचानक दुकान में पहुंचे और लूटपाट शुरू कर दी। दुकान संचालक ने विरोध किया तो आरोपितों ने उस पर लगातार चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद संचालक जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश दुकान में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवर समेटकर मौके से भाग निकले।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में दुकान के बाहर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल संचालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

ज्वैलरी दुकान में हुई इस लूट की घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। इस वारदात से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़