गुना, 1 जुलाई।
मध्य प्रदेश के गुना जिले में गुलाब की वैज्ञानिक और व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आज बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलने वाले इस निःशुल्क कार्यक्रम में जिले के किसानों को गुलाब उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
उद्यान उपसंचालक केपीएस किरार के अनुसार, बेंगलुरु की एग्रीप्लास्ट कंपनी के विशेषज्ञ एग्रोनॉमिस्ट किसानों को पॉलीहाउस तकनीक, ड्रिप सिंचाई, फर्टिगेशन, पोषण प्रबंधन और कीट नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी देंगे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले फूल उत्पादन और प्रभावी मार्केटिंग की आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है। विभाग ने सभी इच्छुक और गुलाब उत्पादक किसानों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। अधिक जानकारी के लिए किसान मोबाइल नंबर 9516600441 पर संपर्क कर सकते हैं।



















