सतारा, 01 जुलाई।
ट्राई द्वारा महाराष्ट्र के सतारा जिले में कराए गए नेटवर्क परीक्षण में रिलायंस जियो ने बाजी मारी है। कंपनी ने डाउनलोड स्पीड और कॉल क्वालिटी जैसे अहम पैमानों पर दूसरी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है।
इस सर्वे में एयरटेल, बीएसएनएल और वीआई के नेटवर्क का भी मूल्यांकन हुआ था। परीक्षण के नतीजे बताते हैं कि बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक कॉल ड्रॉप की समस्या झेलनी पड़ रही है। साथ ही, बीएसएनएल का कवरेज नेटवर्क भी सबसे कमजोर पाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, कवरेज गैप के मामले में बीएसएनएल के नेटवर्क में 16 हजार से अधिक सैंपल कमजोर सिग्नल के रहे। वहीं, कॉल ड्रॉप के मामले में भी बीएसएनएल सबसे खराब स्थिति में दिखा, जहां हर 493 कॉल में से 38 कॉल ड्रॉप हो गईं।
डेटा स्पीड में जियो की बादशाहत कायम रही। शहर में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 176.95 एमबीपीएस रही, जो अन्य कंपनियों के मुकाबले काफी अधिक है। एयरटेल 113.79 एमबीपीएस के साथ दूसरे नंबर पर रही।
अपलोड स्पीड में भी जियो का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। पुणे-सतारा हाईवे पर तो जियो की डाउनलोड स्पीड 261.99 एमबीपीएस तक पहुंच गई। इन आंकड़ों से साफ है कि आम लोगों को बेहतर डिजिटल अनुभव देने में जियो अन्य के मुकाबले कहीं आगे है।



















