राजगढ़, 02 जुलाई।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम किशनपुरिया में गुरुवार सुबह एक विवाहिता का शव पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदार की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममताबाई (28) पत्नी राधेश्याम तंवर, निवासी किशनपुरिया के रूप में हुई है। करीब दस वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। राधेश्याम खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है।
परिजनों के मुताबिक बुधवार रात ममताबाई ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद सोने चली गई थी। गुरुवार सुबह पड़ोसी गोवर्धन तंवर जब अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा तो उसने ममताबाई का शव फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
ससुराल पक्ष का कहना है कि ममताबाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं मायके पक्ष ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। इसी आधार पर पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


















