मुंबई, 02 जुलाई।
'नागबंधनम' के निर्माता रिलीज से पहले दर्शकों के लिए खास ऑफर लेकर आए हैं। 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस पैन-इंडिया फिल्म के हिंदी संस्करण के लिए एक टिकट पर दूसरा टिकट मुफ्त देने की घोषणा की गई है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का मुकाबला 'अल्फा' से होगा, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।
जानकारी के अनुसार यह ऑफर केवल फिल्म के हिंदी संस्करण पर लागू रहेगा। दर्शक बुकमायशो और डिस्ट्रिक्ट ऐप के जरिए इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हाल ही में फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू की गई है। माना जा रहा है कि इस पहल के जरिए निर्माता हिंदी भाषी दर्शकों तक फिल्म की पहुंच बढ़ाने और शुरुआती दिनों में अधिक दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने की कोशिश कर रहे हैं।
विराट कर्ण और नाभा नतेश अभिनीत 'नागबंधनम' भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों और उनसे जुड़े रहस्यमयी खजानों की कहानी पर आधारित है। फिल्म में महेश मांजरेकर, जगपति बाबू और मुरली शर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का लेखन और निर्देशन अभिषेक नामा ने किया है, जबकि इसका निर्माण अभिषेक पिक्चर्स और एनआईके स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है।

















