ज़ाग्रेब, 03 जुलाई।
विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश ने ज़ाग्रेब ग्रैंड शतरंज टूर के दूसरे दिन बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने नीदरलैंड के अनुभवी अनीश गिरी को मात देकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और अब वह संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर आ गए हैं। टूर्नामेंट में फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोज़जा अपने अविश्वसनीय फॉर्म के साथ शीर्ष पर मजबूती से डटे हुए हैं।
फिरोज़जा 12 में से 10 अंक अर्जित करके अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से तीन अंक आगे चल रहे हैं। सात-सात अंकों के साथ गुकेश के अलावा जर्मनी के विन्सेंट कीमर, फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और रोमानिया के बोगदान-डेनियल डियाक भी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। भारत के आर. प्रज्ञानानंद साढ़े छह अंकों के साथ उनसे थोड़ा पीछे चल रहे हैं।
गिरी के विरुद्ध मुकाबले में सफेद मोहरों के साथ गुकेश ने रुई लोपेज़ एक्सचेंज वैरिएशन का उपयोग कर प्रतिद्वंद्वी को दबाव में रखा। उन्होंने शानदार रणनीतिक खेल दिखाते हुए एक्सचेंज जीता और अंत तक कोई चूक न करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। गुकेश ने दिन की शुरुआत हार के साथ की थी, लेकिन बाद में उन्होंने फोरेस्ट और गिरी को हराकर जोरदार वापसी की।
प्रज्ञानानंद के लिए दिन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने जॉर्डन वान फोरेस्ट को तो पराजित किया, लेकिन नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और फिरोज़जा के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिरोज़जा के विरुद्ध वह ड्रॉ की स्थिति में थे, मगर अंतिम पलों की एक भूल ने उन्हें मैच से बाहर कर दिया। अब रैपिड वर्ग के तीन दौर के बाद 18 ब्लिट्ज मुकाबले टूर्नामेंट के परिणाम का निर्धारण करेंगे।


















