न्यूयॉर्क, 03 जुलाई।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति ने तिब्बती झंडा हाथ में लेकर खुद को आग के हवाले कर दिया। यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुई।
न्यूयॉर्क पुलिस को एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई थी, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां 52 वर्षीय व्यक्ति बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। इसमें व्यक्ति को तिब्बती झंडा थामे हुए देखा जा सकता है, जो अचानक लपटों में घिर गया। राहगीरों और सुरक्षा में जुटे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
मृतक द्वारा शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में तिब्बत की आजादी और अपनी संस्कृति को बचाने का आह्वान किया गया है। इसमें चीन सरकार पर तिब्बती पहचान और भाषा को मिटाने का आरोप लगाया गया है।
तिब्बती समुदाय के अनुसार, व्यक्ति 1980 के दशक में निर्वासित होकर आया था और एक कैब ड्राइवर था। तिब्बत पर चीन का शासन 1951 से है, और हाल ही में लागू हुए जातीय एकता कानून को लेकर कार्यकर्ता काफी चिंतित हैं।


















