वैंकूवर, 03 जुलाई।
फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अल्जीरिया को 2-0 से शिकस्त दी और अगले दौर में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। अब स्विट्जरलैंड की टीम अंतिम-8 में जगह बनाने के लिए आगामी मंगलवार को कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम के साथ भिड़ेगी।
स्विस टीम ने खेल के शुरुआती पलों से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 10वें मिनट में युवा खिलाड़ी जोहान मंजांबी द्वारा दिए गए सटीक लो क्रॉस पर ब्रील एम्बोलो ने गोल कर टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। मंजांबी का यह टूर्नामेंट में दूसरा असिस्ट रहा, जिन्होंने अब तक चार मैचों में तीन गोल और दो असिस्ट दर्ज किए हैं।
दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही स्विट्जरलैंड ने अपना दबाव बरकरार रखा। 46वें मिनट में डैन न्डोये ने बॉक्स के बाहर मिले मौके को गोल में बदलकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद स्विस रक्षापंक्ति ने अल्जीरिया को कोई भी अवसर नहीं दिया और मैच को अपने नाम कर लिया।
ग्रुप चरण में अजेय रही स्विस टीम का टूर्नामेंट में अब तक का सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। हालांकि, स्विट्जरलैंड पिछली कई बार से अंतिम-16 के बाधा को पार करने में विफल रहा है, लेकिन अब टीम 1954 के बाद पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार है।


















