जम्मू, 03 जुलाई।
वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा का आज विधिवत शुभारंभ हो गया है। पवित्र गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था बालटाल और नुनवान-पहलगाम बेस कैंप से रवाना हो चुका है।
वहीं, जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 3,865 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर की ओर निकल पड़ा है। खराब मौसम के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर है।
भक्तों ने तड़के ‘बम बम भोले’ के नारों के साथ अपनी पैदल यात्रा शुरू की। जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना किया।
जम्मू से निकले दूसरे जत्थे में 2,965 पुरुष, 618 महिलाएं और बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हैं। यह काफिला कुल 201 वाहनों में अपनी यात्रा तय कर रहा है।
सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के जवान मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। यह 57 दिवसीय यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।
पिछले दो दिनों में कुल 8,687 तीर्थयात्री जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। प्रशासन ने यात्रा को सुचारू बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


















