प्रशासनिक खबरें
02 Jul, 2026

एमपी नगर में दुर्रानी कोचिंग और अनअकैडमी सेंटर सील

भोपाल के एमपी नगर में फायर सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने दुर्रानी कोचिंग और अनअकैडमी के एक-एक सेंटर को सील कर आगे भी नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।

भोपाल, 02 जुलाई।

एमपी नगर में फायर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्रानी कोचिंग और अनअकैडमी के एक-एक सेंटर को सील कर दिया। नोटिस की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद नगर निगम, फायर विभाग और राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान उपायुक्त भुवन गुप्ता ने बताया कि दोनों संस्थानों में फायर एनओसी, आपातकालीन निकास (एग्जिट गेट) और अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आई थीं। पहले नोटिस जारी कर इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा तक पालन नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

इस दौरान जोनल अधिकारी शैलेष चौहान, फायर ब्रिगेड के इफ्तिखार खान, पंकज खरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान टीम ने पंचनामा भी तैयार किया।

कोचिंग सेंटर सील होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई कार्रवाई से कई अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता भी जताई।

उपायुक्त भुवन गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी कोचिंग संचालकों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़