भोपाल, 02 जुलाई।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, जनकल्याण और रोजगार के नए अवसर लगातार सृजित हो रहे हैं तथा सहकारिता इस परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद इस क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिले हैं।
मंत्री सारंग ने गुरुवार को सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सहकारी सप्ताह के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ मर्यादित द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न सहकारी संस्थाओं, राष्ट्रीय संगठनों, शासकीय विभागों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा उत्पादक संगठनों के स्टॉलों का अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि 29 जून से 5 जुलाई तक पूरे प्रदेश में सहकारी सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। राज्य स्तरीय सहकारी प्रदर्शनी भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार के साथ नए बाजार उपलब्ध होंगे। इससे प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को और मजबूती मिलेगी तथा नवाचार, गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 'सहकार से समृद्धि' के संकल्प को साकार करने में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसान, महिलाएं, युवा, कारीगर और ग्रामीण उद्यमी सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, रोजगार बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सारंग ने हस्तशिल्प कारीगरों और महिला स्व-सहायता समूहों को सिलाई मशीन सहित विभिन्न टूल किट और आवश्यक सामग्री वितरित की। साथ ही मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में कृषि, दुग्ध, बीज, उर्वरक, मत्स्य, वनोपज, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, महिला सशक्तिकरण, हस्तशिल्प, एफपीओ, सौर ऊर्जा और ग्रामीण आजीविका से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में सांची, मार्कफेड, इफको, कृभको, नेफेड, अपेक्स बैंक, एनसीडीसी, नाबार्ड सहित कई प्रमुख संस्थाओं ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यह प्रदर्शनी 4 जुलाई तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।


















