प्रशासनिक खबरें
02 Jul, 2026

भोपाल में साइबर सुरक्षा अभियान, लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी

भोपाल पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच और सभी थाना पुलिस ने शहरभर में विशेष अभियान चलाकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए।

भोपाल, 02 जुलाई।

भोपाल पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच और शहर के सभी थानों ने गुरुवार को बढ़ते साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों, विद्यार्थियों तथा व्यापारियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत कोहेफिजा, जहांगीराबाद, स्टेशन बजरिया, अशोका गार्डन, कोतवाली, ऐशबाग, मंगलवारा, अयोध्या नगर, गौतम नगर, एमपी नगर, कटारा हिल्स, कमला नगर, चूना भट्टी और खजूरी सड़क थाना क्षेत्रों सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कलेक्ट्रेट, पेट्रोल पंप, स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक परिसरों में लोगों से संवाद किया गया।

कार्यक्रमों में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस या सीबीआई अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, निवेश एवं ट्रेडिंग स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट, पार्सल फ्रॉड और फर्जी कस्टमर केयर कॉल जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

भोपाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण, सीवीवी और पासवर्ड साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस का कहना है कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़