भोपाल, 02 जुलाई।
एमपीसीए इमर्जिंग टीम में विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के उभरते तेज गेंदबाज अनिमेष सिंह का चयन हुआ है। वह 7 से 21 जुलाई तक मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी ट्रॉफी विजेता जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाफ चार अभ्यास मैच खेलेंगे।
चयन के बाद अनिमेष सिंह ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पूरे आत्मविश्वास व समर्पण के साथ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एमपीसीए इमर्जिंग टीम में भोपाल के चार खिलाड़ियों को स्थान मिला है। इनमें अनिमेष सिंह, पृथ्वीराज सिंह तोमर, तनिष्क यादव और तनमय पांडे शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों का चयन उनके हालिया उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
पहले दो अभ्यास मैचों के लिए चयनित खिलाड़ियों को 3 जुलाई को होलकर स्टेडियम इंदौर में रिपोर्ट करना होगा। वहीं अंतिम दो मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों को 12 जुलाई को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाले ये अभ्यास मैच युवा खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तर का अनुभव हासिल करने के साथ आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण साबित होंगे।


















