अपराध
02 Jul, 2026

नामांतरण के बदले एक लाख की रिश्वत, दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर में एसीबी ने जमीन के नामांतरण के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत लेते कथित दलाल को गिरफ्तार किया है, जबकि नामजद पटवारी की तलाश जारी है।

जयपुर, 02 जुलाई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए जयपुर जिले की चौमू तहसील में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते एक कथित दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले यह राशि ली जा रही थी। मामले में नामजद पटवारी की तलाश जारी है।

एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने दिसंबर 2025 में चौमू तहसील के आलीसर क्षेत्र के चारणवास में जमीन खरीदी थी और उसकी रजिस्ट्री भी करा ली थी। इसके बाद नामांतरण दर्ज करने के लिए संबंधित पटवारी सुरेन्द्र स्वामी ने अपने कथित दलाल भैरूराम यादव के माध्यम से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत का एक जुलाई को सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को राशि देने का समय तय होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाकर कार्रवाई की।

टीम ने चौमू कस्बे में एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय की दुकान पर दबिश दी और भैरूराम यादव को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान नामजद पटवारी सुरेन्द्र स्वामी मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़