प्रशासनिक खबरें
02 Jul, 2026

भोपाल में हथियार तस्करी गिरोह पर शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार

भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार तस्करी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह के 10 सदस्यों को पकड़ लिया है, जबकि बरामद हथियारों के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

भोपाल, 02 जुलाई।

क्राइम ब्रांच ने शहर में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 पहुंच गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 47/26 में फरार चल रहे अकमल अली (21) निवासी चौकी इमामबाड़ा और समी खान (19) निवासी हाथीखाना, तलैया को मुखबिर की सूचना पर ताजुल मस्जिद के सामने और यूनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियार खरीदने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर बेनजीर ग्राउंड की दीवार के पास से एक रिवॉल्वर और वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन भवन से एक पिस्टल बरामद की गई।

क्राइम ब्रांच ने बताया कि इससे पहले इसी प्रकरण में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच कारतूस और आठ मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके थे। ताजा कार्रवाई के बाद पूरे गिरोह के सभी 10 सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान और सहायक पुलिस आयुक्त अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक महेंद्र सिंह की टीम ने की।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अवैध हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्ती और कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़