भोपाल, 02 जुलाई।
मध्यप्रदेश पुलिस ने पुलिस कर्मियों की सेवा प्रबंधन प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए eHRMS की ऑनलाइन ई-लीव प्रणाली लागू कर दी है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 से प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में eHRMS का लीव मॉड्यूल शुरू हो गया है। इसके माध्यम से अब सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन अवकाश आवेदन, स्वीकृति और उसकी अद्यतन स्थिति एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।
पुलिस विभाग ने पारंपरिक मैनुअल सेवा अभिलेख व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने के उद्देश्य से जुलाई 2025 में eHRMS ऑनबोर्डिंग की शुरुआत की थी। इस दौरान सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग और आवश्यक सेवा संबंधी जानकारी का डिजिटलीकरण किया गया। एमपीएसईडीसी के माध्यम से एक लाख से अधिक सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग पूरी की गई और वर्तमान में लगभग 1.01 लाख पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी eHRMS से जुड़ चुके हैं।
सेवा संबंधी महत्वपूर्ण आदेशों को सुरक्षित और डिजिटल रूप से उपलब्ध कराने के लिए 23 मार्च 2026 से eHRMS का ऑर्डर बुक मॉड्यूल भी संचालित किया जा रहा है। इसके जरिए सेवा पुस्तिका से जुड़े सभी महत्वपूर्ण आदेश अब डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे, जिससे अभिलेखों का संरक्षण और उपलब्धता अधिक सुदृढ़ होगी।
ई-लीव मॉड्यूल को विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए पहले इसे एससीआरबी, कार्मिक शाखा, विशेष शाखा, पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल और 25वीं वाहिनी भोपाल में प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया था। प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार करने के बाद अब इसे प्रदेश की लगभग 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दिया गया है।
अब सभी अधिकारी और कर्मचारी eHRMS पोर्टल तथा मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद संबंधित लीव क्लर्क उसे सक्षम अधिकारी को अग्रेषित करेगा, जहां से ऑनलाइन अनुशंसा और स्वीकृति दी जाएगी। कर्मचारी अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से आवेदन की अद्यतन स्थिति भी देख सकेंगे। इससे अवकाश स्वीकृति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी होगी।
पुलिस विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश शासन के चुनिंदा विभाग ही eHRMS के ई-लीव मॉड्यूल का उपयोग कर रहे हैं। इनमें मध्यप्रदेश पुलिस सबसे अधिक उपयोगकर्ताओं वाला विभाग है, जहां लगभग 1,01,928 अधिकारी और कर्मचारी इस सुविधा से जुड़े हुए हैं।


















