भोपाल, 02 जुलाई।
देवास जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र में डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से घर से निकलकर रास्ता भटक गए तीन वर्षीय मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया गया। पुलिस की समय पर की गई मदद से बच्चा सकुशल अपने परिवार तक पहुंच गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार बुधवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि थाना औद्योगिक क्षेत्र के अमृत स्वीट्स के पास एक तीन वर्षीय बालक अकेला मिला है। वह रास्ता भटक गया था और अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था। सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचे आरक्षक सचिन चौहान और पायलट देवेंद्र भारती ने बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद टीम ने एफआरवी वाहन के साथ आसपास के क्षेत्रों में उसके परिजनों की तलाश और लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित थाने लाया गया।
कुछ समय बाद बालक के माता-पिता उसकी तलाश करते हुए थाने पहुंचे। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा और पुलिस जवानों का आभार व्यक्त किया।


















