अपराध
02 Jul, 2026

पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज, मां और भाई गिरफ्तार

धमतरी के गोजी गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मृतक की मां और छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया।

धमतरी, 02 जुलाई।

धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां और छोटे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने पहले युवक की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या की और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हुआ।

पुलिस के मुताबिक 29 जून को ग्राम गोजी निवासी नरसिंग साहू (23) ने शराब पीने के लिए घर में रुपये मांगे थे। रुपये नहीं मिलने पर उसका अपनी मां कमला बाई साहू और छोटे भाई नरेश साहू से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी और मारपीट के दौरान दोनों ने रस्सी से उसका गला दबा दिया।

जांच में सामने आया कि घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए आरोपितों ने पहले मृतक को कीटनाशक पिलाया और इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया। बाद में उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना देकर घटना को आत्महत्या बताया।

शुरुआत में पुलिस भी मामले की जांच आत्महत्या मानकर कर रही थी। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की दिशा बदलते हुए मां और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपित लगातार अलग-अलग जवाब देते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने कथित रूप से पूरी घटना स्वीकार कर ली। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और जांच को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया गया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़