फिरोजाबाद, 02 जुलाई।
फिरोजाबाद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से कंटेनर के जरिए लाए जा रहे तीन क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी, सर्विलांस टीम और नसीरपुर थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर नगला गुंज के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे करनपुर मार्ग की पुलिया के निकट कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर वाहन सहित आरोपित पन्नालाल, निवासी जिला एटा, को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 3 क्विंटल 69 किलो 92 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने कथित रूप से बताया कि वह उड़ीसा से कम कीमत पर गांजा लाकर यहां उसकी पुड़िया बनाकर अधिक दाम पर बेचता था।
पुलिस ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


















