राजनीति
02 Jul, 2026

सेवा भाव ही सच्चे नेतृत्व की पहचान: उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एमपी लीड फेलोशिप के प्रतिभागियों से संवाद करते हुए सेवा, ईमानदारी, राष्ट्रीय एकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी को सच्चे नेतृत्व का आधार बताया।

नई दिल्ली, 02 जुलाई।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एमपी लीड फेलोशिप के 40 चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया। राज्यसभा सदस्य डॉ. अजीत माधवराव गोपचड़े की पहल पर शुरू हुई इस फेलोशिप के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सच्चे नेतृत्व की पहचान पद, शक्ति या अधिकार से नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा भाव से होती है।

उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में विनम्रता, ईमानदारी और करुणा को अपनाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि प्रभावी नेता वही होता है, जो लोगों की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए समर्पित होकर कार्य करे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे।

अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत एक था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने युवाओं से क्षेत्र, भाषा और जाति जैसी सीमाओं से ऊपर उठकर देशहित को सर्वोच्च स्थान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय भारत को खाद्यान्न संकट का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज देश दुनिया के प्रमुख खाद्यान्न निर्यातकों में शामिल है। उन्होंने युवाओं से पिछली पीढ़ियों के संघर्षों को समझने और उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति ने एमपी लीड फेलोशिप के लिए पांच हजार से अधिक आवेदनों में से चयनित 40 प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को कक्षा से बाहर वास्तविक अनुभव प्रदान करता है और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है।

उन्होंने कहा कि अवसरों का लाभ तभी मिलता है, जब उनके साथ निरंतर मेहनत और योग्यता भी जुड़ी हो। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में इसी समूह से कई युवा देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकते हैं।

गौरतलब है कि एमपी लीड फेलोशिप सांसद डॉ. अजीत माधवराव गोपचड़े द्वारा शुरू किया गया दो माह का इंटर्नशिप कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य युवाओं को शासन, नीति-निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ उपलब्ध कराना है।

|
आज का राशिफल

निकटस्थ व्यक्ति का सहयोग काम को गति दिला देगा। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। अच्छे कार्य के लिए रास्ते बना लेंगे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

24° / 30°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़