मुंबई, 02 जुलाई।
मराठी फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता अशोक सराफ और उनकी पत्नी निवेदिता सराफ ने अपनी शादी की 37वीं सालगिरह को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया है। इस जोड़े ने तीन दशक से अधिक का सफर तय करने के बाद एक बार फिर दूल्हा-दुल्हन का रूप धारण किया और शादी की रस्मों को दोहराया।
अभिनेता ने इस प्यारे पलों की झलक इंस्टाग्राम के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा की है। उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी के लिए एक भावुक पोस्ट लिखते हुए उन्हें अपना सबसे अच्छा दोस्त और ताकत बताया। समारोह के दौरान अशोक सराफ पारंपरिक परिधान में दिखे, तो वहीं निवेदिता अपनी साड़ी में बेहद आकर्षक लग रही थीं।
इस सदाबहार जोड़ी ने साल 1989 में गोवा के मंगेशी मंदिर में सात फेरे लिए थे। उनका एक बेटा अनिकेत है, जो पेशे से शेफ है। हाल ही में यह मराठी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ी कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर भी खूब चर्चा में रही थी। सालगिरह पर दोबारा रस्में निभाकर इस दंपत्ति ने प्रशंसकों के बीच अपने अटूट रिश्ते की नई मिसाल पेश की है।
















