भोपाल, 02 जुलाई।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में 8 से 17 जुलाई तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित दो सप्ताह का फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर मीडिया एंड कम्युनिकेशन प्रोफेशनल्स' विषय पर होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षक, मीडिया प्रोफेशनल्स और संबद्ध अध्ययन संस्थानों के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मीडिया शिक्षा से जुड़े शिक्षकों और पेशेवरों को एआई आधारित नई तकनीकों से परिचित कराना है।
विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र से मीडिया पाठ्यक्रमों में एआई को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्नातक प्रथम वर्ष में एआई आधारित दो नए प्रश्नपत्र पढ़ाए जाएंगे। इन्हीं विषयों के प्रभावी अध्यापन और प्रशिक्षण के लिए यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है।
कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और मीडिया पेशेवरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान जेनरेटिव एआई, मल्टीफॉर्म डेटा विश्लेषण, डीपफेक, सिंथेटिक मीडिया फोरेंसिक्स, एआई न्यूजरूम आर्किटेक्चर, एआई एथिक्स और अन्य समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एजेंटिक एआई, इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग में एआई का उपयोग, नोटबुक एलएम, रियल टाइम वैरिफिकेशन और डेवलपर लेवल कंट्रोल जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
एफडीपी में बालेन्दु कुमार शर्मा, प्रभाष झा, प्रो. उमेश आर्य, प्रत्यूष रंजन, देविका छिब्बर और जय प्रकाश पाराशर सहित मीडिया, शोध और अकादमिक क्षेत्र के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।


















