लीमा, 02 जुलाई।
पेरू सरकार ने अल-नीनो मौसम प्रणाली के चलते भारी बारिश की आशंका को देखते हुए देश के 796 जिलों में 60 दिनों के लिए इमरजेंसी लागू कर दी है। यह संख्या देश के कुल जिलों का लगभग 40 प्रतिशत बताई गई है।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय उन क्षेत्रों के लिए लिया गया है, जहां अत्यधिक वर्षा और उससे जुड़ी प्राकृतिक आपदाओं का गंभीर खतरा बना हुआ है। प्रभावित इलाकों में राजधानी लीमा, कुस्को और अरेक्विपा सहित कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
इमरजेंसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्यों को संचालित करेंगे। सरकार के मुताबिक इन उपायों का उद्देश्य संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की हानि को कम करना है। आदेश में यह भी कहा गया है कि राहत और सुरक्षा से जुड़े सभी खर्च संबंधित विभाग अपने मौजूदा बजट से वहन करेंगे और इसके लिए सार्वजनिक कोष से अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी।
अल-नीनो प्रशांत महासागर की सतह के तापमान में समय-समय पर होने वाली असामान्य वृद्धि की प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों के मौसम चक्र को प्रभावित करती है। इसके प्रभाव से कहीं सूखे की स्थिति बनती है तो कहीं सामान्य से अधिक वर्षा और बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है।


















