जयपुर, 02 जुलाई।
राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से जयपुर लाई जा रही करीब 150 किलोग्राम गांजे की खेप जब्त की है। बारां जिले में हुई इस कार्रवाई में 149.862 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ के अनुसार यह कार्रवाई दोनों एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद गांजे की खेप जयपुर में बड़े स्तर पर आपूर्ति के लिए लाई जा रही थी। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपित ओडिशा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने के बहाने जाते थे। वहीं से कम कीमत पर गांजा खरीदकर उसे राजस्थान लाकर विभिन्न शहरों में सप्लाई करते थे। सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने विशेष निगरानी अभियान चलाया। जांच के क्रम में टीम ओडिशा पहुंची, जहां से जानकारी मिली कि तस्कर रायपुर की ओर रवाना हो चुके हैं और झांसी जाने वाली ट्रेन में सफर कर रहे हैं।
इसके बाद टीम रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और उसी ट्रेन में सवार होकर पूरे रास्ते आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच एजेंसियों के अनुसार झांसी पहुंचने के बाद आरोपितों ने एक पिकअप वाहन किराए पर लिया और परिवार के सदस्यों को साथ बैठाकर राजस्थान की ओर रवाना हुए, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।
संयुक्त टीम ने बारां जिले में घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली, जिसमें से 149.862 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान कालूलाल, रेणु, नरेश और लोकेश को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।


















